
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम डढहा से लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भावाकांपा से बरामद किया है। मामले में पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को नाबालिग की मां ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी मुकेश कुमार उर्फ छोटा कुर्रे (21), निवासी ग्राम भावाकांपा, थाना कोटा के घर पर नाबालिग के होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(ए) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।