मुंगेली। जिले के ग्राम पंडारभट्ठा में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 23 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंडारभट्ठा मुख्य मार्ग पर हुआ। मृतका की पहचान 46 वर्षीय गीता बाई पटेल, पति अशोक पटेल, निवासी ग्राम पंडारभट्ठा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गीता बाई खेत में काम करने गई थीं। काम पूरा करने के बाद वह सिर पर बर्तन लेकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गईं। बिजली गिरने के बाद गीता बाई सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजन और आसपास के लोग तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे का वीडियो सामने आया

इस दर्दनाक घटना का कथित लाइव वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आकाशीय बिजली गिरने का मंजर कैद होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

बारिश और खराब मौसम के दौरान हुए इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है।