सकरी पुलिस ने गिरधौना में दी दबिश, ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर खेल रहे थे जुआ
बिलासपुर। दीपावली के दौरान जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सकरी पुलिस ने ग्राम गिरधौना स्थित मुक्तिधाम के पास जुआ खेल रहे 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले में जुआ और सट्टा खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम जुआ खेलने वालों की पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान 7 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गिरधौना के मुक्तिधाम के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर 15 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 18 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साहू (52), शिवा विश्वकर्मा (23), रामकुमार यादव (30), मानसिंह (30), बुचनू यादव (42), दिलहरण सिंगरौल (39), शिवकुमार सारथी (30), तीजराम साहू (40), जितेंद्र जायसवाल (21), वीरेंद्र सिंगरौल (20), शीतल सिंगरौल (28), छोटेलाल खूसरो (30), रोहित सिंगरौल (30), भूपेंद्र कौशिक (28) और धर्मेंद्र रजक (26) शामिल हैं। इनमें अशोक साहू ग्राम कोडापुरी का निवासी है, जबकि शेष सभी आरोपी ग्राम गिरधौना के रहने वाले हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की है।