15वें वित्त आयोग से 4.62 करोड़ रुपए मंजूर, डॉक्टर, दवा, जांच और बुनियादी सुविधाएं होंगी मजबूत
बिलासपुर। शहरवासियों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए जिला अस्पताल या सिम्स की ओपीडी तक दौड़ न लगानी पड़े, इसके लिए नगर निगम क्षेत्र में संचालित 25 अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को मजबूत किया जाएगा। 15वें वित्त आयोग के तहत राज्य सरकार ने इन स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन और रखरखाव के लिए 4 करोड़ 62.50 लाख रुपए मंजूर किए हैं। इस राशि से केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ डॉक्टरों की उपलब्धता, जरूरी दवाइयां, जांच और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।
शहर के अलग-अलग वार्डों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। यहां बुखार, वायरल, सर्दी-खांसी, बीपी, शुगर जैसी सामान्य बीमारियों की जांच और इलाज के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। नए फंड से इन केंद्रों की व्यवस्थाएं बेहतर होने पर लोगों को अपने वार्ड के आसपास ही प्राथमिक उपचार मिलने की सुविधा बढ़ेगी।
सिम्स और जिला अस्पताल की ओपीडी में भी आएगी कमी
बिलासपुर में सिम्स की रोजाना ओपीडी करीब 2500 मरीजों की है, जबकि जिला अस्पताल में लगभग 200 मरीज प्रतिदिन पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मरीजों की भी होती है, जिनका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर ही संभव है। अर्बन हेल्थ सेंटरों में डॉक्टर, दवाइयां और जांच की सुविधाएं मजबूत होने से ऐसे मरीजों को नजदीक ही इलाज मिल सकेगा। इससे सिम्स और जिला अस्पताल की ओपीडी में अनावश्यक भीड़ कम करने में मदद मिलेगी और गंभीर मरीजों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों की सुविधाओं का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
केवल भवन और मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा फंड
स्वास्थ्य केंद्रों के लिए मंजूर राशि का उपयोग केवल भवन निर्माण या मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा। केंद्रों के नियमित संचालन, दवाओं, जांच और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही सफाई, पेयजल, बिजली और मरीजों के बैठने जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत भी पूरी की जाएगी।
इससे खासकर शहर के उन वार्डों में रहने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जहां से सिम्स या जिला अस्पताल तक पहुंचने में समय और परिवहन का खर्च अधिक होता है। अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को बेहतर बनाने का उद्देश्य लोगों को घर के नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
डॉ. शुभा गरेवाल, सीएमएचओ ने कहा कि अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक बेहतर प्राथमिक इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े अस्पतालों तक जाने की जरूरत कम होगी। 15वें वित्त आयोग से मिली राशि से इन केंद्रों की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा।