बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में मोबाइल पर बात करने को लेकर हुए विवाद में एक आदतन बदमाश ने युवक पर बटनदार चाकू से वार कर दिया। शिकायत मिलते ही तोरवा पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल दो बटनदार चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को हेमूनगर निवासी मोहम्मद राज (22) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह मोबाइल पर बात कर रहा था, जबकि पास में राहूल ठाकूर शराब पी रहा था। इसी दौरान राहूल ने उसे ज्यादा बात करने की बात कहते हुए गाली-गलौज की और शराब के नशे में उसके गाल के पास चाकू से वार कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने राहूल ठाकूर (24), निवासी चंदन पान ठेला के पास, सत्तू गली हेमूनगर, तोरवा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो बटनदार चाकू बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह आदतन बदमाश है। मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया है। इसके साथ ही आरोपी के विरुद्ध पृथक से बॉन्ड ओवर की कार्रवाई के लिए इस्तगासा भी न्यायालय में पेश किया जा रहा है।