अधिवक्ता के क्लर्क के फोन को हैक कर साइबर ठगी, फोन-पे के जरिए खाते से निकाली रकम
बिलासपुर। साइबर ठगों ने अब मोबाइल हैंग कर बैंक खाते से रकम उड़ाने का नया तरीका अपनाया है। चकरभाठा थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के क्लर्क का काम करने वाले एक व्यक्ति के मोबाइल को हैक कर ठगों ने उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपए पार कर दिए। पीड़ित को इसकी जानकारी तब हुई, जब करीब आधे घंटे बाद मोबाइल सामान्य हुआ और उसने मैसेज चेक किया।
ग्राम बिटकुली निवासी सुरेश कुमार कौशिक (49), पिता रामकुमार कौशिक, के मुताबिक 2 नवंबर की शाम करीब 5 बजे उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया। करीब आधे घंटे तक मोबाइल का कोई भी बटन काम नहीं कर रहा था। फोन सामान्य होने पर उन्होंने मैसेज चेक किया तो पता चला कि शाम 5:02 बजे फोन-पे के माध्यम से उनके बैंक खाते से 98 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन हो चुका है।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल एसबीआई के कस्टमर केयर पर संपर्क कर बैंक खाता और एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। इसके बाद साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने चकरभाठा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।