प्रयास पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष का बैंक खाता मोबाइल नंबर से था लिंक, 100 से ज्यादा खातों में ट्रांसफर हुई रकम
बिलासपुर। कोलकाता में मोबाइल गुम होने के बाद बिलासपुर के प्रयास पब्लिक स्कूल के बैंक खाते से 1.12 करोड़ रुपए का लेनदेन होने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने स्कूल के अध्यक्ष डॉ. सचिन यादव के गुम हुए मोबाइल नंबर से जुड़े बैंक खाते का इस्तेमाल कर एक ही दिन में करोड़ों रुपए का लेनदेन किया और रकम 100 से ज्यादा बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। पीड़ित की शिकायत पर बिलासपुर में जीरो पर अपराध दर्ज कर केस डायरी कोलकाता के न्यू मार्केट थाने भेज दी गई है।
राजकिशोर नगर निवासी डॉ. सचिन यादव 10 अगस्त को कोलकाता गए थे। वहां न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के धरमतला के पास उनका जियो सिम लगा मोबाइल गुम हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की और जियो सेवा केंद्र पहुंचकर सिम बंद कराने की कोशिश की। हालांकि, पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं होने के कारण सिम तत्काल बंद नहीं हो सका।
16 अगस्त को उन्होंने अपना पुराना मोबाइल नंबर दोबारा जारी कराया। अगले दिन ईमेल चेक करने पर बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली। स्कूल का आईसीआईसीआई बैंक खाता इसी मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ था। शिकायत के मुताबिक, ठगों ने 14 अगस्त को पहले 800 रुपए का ट्रायल ट्रांजेक्शन किया। इसके बाद खाते से 1.12 करोड़ रुपए का लेनदेन कर रकम 100 से ज्यादा बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।
डॉ. यादव के अनुसार, घटना से पहले स्कूल के खाते में केवल 181 रुपए थे। संदिग्ध लेनदेन के बाद खाते में महज 29 रुपए बचे। मामले की शिकायत के बाद बिलासपुर में जीरो पर अपराध दर्ज किया गया है। चूंकि मोबाइल गुम होने और घटना का संबंध कोलकाता से है, इसलिए केस डायरी आगे की जांच के लिए न्यू मार्केट थाने भेज दी गई है।