सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मिनी स्टेडियम और शासकीय स्कूल के पास हथियार लहराकर दहशत फैला रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
4 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शेख इमरान उर्फ शेख मूसा उर्फ गिलू (22) निवासी फजल बाड़ा, गांधी चौक के पास, मिनी स्टेडियम स्थित शासकीय स्कूल के पास धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 502/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ और कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।