
बिलासपुर। बसों में महिलाओं द्वारा झपटमारी कर चोरी की गई सोने की चेन और मंगलसूत्र खरीदने वाले कटघोरा के एक सोनार को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 67 ग्राम गला हुआ सोना, यानी लगभग 7 तोला, बरामद किया है। आरोपी को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रतनपुर थाना क्षेत्र में महिला झपटमारी गैंग द्वारा बसों में यात्रियों से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी करने के मामले में पहले कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी। पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी का सोना खरीदने वाले व्यक्ति के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने गौतम दुबे (35), पिता राजेन्द्र कुमार दुबे, निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा की तलाश शुरू की।
पुलिस ने गौतम दुबे को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने झपटमारी के जरिए चोरी किया गया करीब 7 तोला सोना खरीदने और उसे गलाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद कर जब्त किया।
रतनपुर पुलिस ने आरोपी को 21 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय और प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह का विशेष योगदान रहा। पुलिस द्वारा मामले में चोरी के सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।