छतौना मोड़ पर हादसा, ड्यूटी पर जा रहे थे हिरीं थाने में पदस्थ धनसू साय पैकरा; सिर में भी आई गंभीर चोट
बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में छतौना मोड़ के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार माजदा वाहन ने ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल की बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में हेड कांस्टेबल धनसू साय पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है और एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। दुर्घटना के बाद माजदा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
कोनी पुलिस लाइन क्वार्टर निवासी धनसू साय पैकरा वर्तमान में हिरीं थाने में पदस्थ हैं। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे वे बाइक से कोनी से हिरीं ड्यूटी पर जा रहे थे। हाईकोर्ट गेट नंबर-2 के पास छतौना मोड़ पर पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार माजदा वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेड कांस्टेबल बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल हेड कांस्टेबल को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी संदीप यादव के मुताबिक, छतौना मोड़ पर माजदा चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की, जिसके कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद यहां यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हो सके हैं।