बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखंडी में 19 वर्षीय युवक की मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। मामले में सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे शेख इस्माइल (19) घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात करीब 1 बजे परिजनों को सूचना मिली कि ग्राम लोखंडी के कुछ युवकों ने शेख इस्माइल के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और लाठी-डंडे से मारपीट की है। मारपीट में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। डायल 112 की सहायता से उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना पर परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर सकरी थाने में 296, 351(3), 115(2), 3(5) BNS के तहत जांच शुरू की गई। उपचार के दौरान 12 सितंबर 2026 को DKS अस्पताल रायपुर में शेख इस्माइल की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या से संबंधित धारा 103(2) और 324 BNS भी जोड़ी और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर 13 सितंबर 2026 को 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय कुमार गढ़ेवाल (21), प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम (29), दिलीप कुमार निर्मलकर (32) और गोविंद पटेल उर्फ दौलत (22) शामिल हैं। इनमें अक्षय, दिलीप और गोविंद ग्राम लोखंडी तथा प्रदुम श्रीवास इमली चौक बिरतियापारा, थाना सकरी के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।