भैरमगढ़ से गीदम लौट रहे सराफा कारोबारी को बनाया निशाना, 1.30 किलो सोना और 15 किलो चांदी लेकर जंगल में भागे लुटेरे; कई घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं

दंतेवाड़ा/बीजापुर। बस्तर संभाग में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाकर लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 में सोमवार शाम दो बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने एक सराफा कारोबारी की गाड़ी रुकवाई और पिस्टल की नोक पर 2 करोड़ रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। घटना के बाद बस्तर संभाग के सराफा कारोबारियों में दहशत है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी विजय सोनी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी सराफा दुकान संचालित करते हैं। सोमवार को दुकान बंद करने के बाद वे एक अन्य व्यापारी के साथ बुकिंग की गाड़ी से अपने घर गीदम लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-63 पर नेलसनार के पास दो अज्ञात बदमाशों ने हाथ देकर लिफ्ट मांगी। कारोबारी ने उन्हें गाड़ी में बैठने की जगह दे दी, लेकिन कुछ ही देर में दोनों ने अपना इरादा जाहिर कर दिया।

व्यापारियों के मुताबिक, गाड़ी में बैठते ही बदमाशों ने ड्राइवर और कारोबारी की कनपटी पर पिस्टल और चाकू तान दिए। इसके बाद गाड़ी को हाईवे से करीब 50 मीटर अंदर नेलसनार के कड़ियामपारा की ओर ले गए। वहां जान से मारने की धमकी देकर सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।

1.80 करोड़ का सोना, 25 से 28 लाख की चांदी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लुटेरे करीब 1300 ग्राम सोने के जेवर लेकर गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.80 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 15 किलो चांदी के जेवर भी लूटे गए हैं, जिनकी कीमत 25 से 28 लाख रुपए आंकी गई है। कुल लूट की रकम 2 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, जेवरों की वास्तविक मात्रा और कीमत का अंतिम मिलान होना बाकी है।

कई घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं

घटना के कई घंटे बीतने के बाद भी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी। नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल (सिन्हा) ने बताया कि कितने ग्राम सोने-चांदी के आभूषणों की लूट हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। व्यापारी हिसाब का मिलान कर जानकारी देने की बात कह रहे हैं। फिलहाल आभूषणों की सूची नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर पर आसपास के रास्तों और घटनास्थल से जुड़े सुराग खंगाल रही है।

जगदलपुर में 1.75 करोड़ की जेवर चोरी में दो महिलाएं गिरफ्तार

इधर, जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में करीब 1.75 करोड़ रुपए के जेवर चोरी के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज में दोनों महिलाएं संदिग्ध गतिविधियों में कैद हुई थीं। चोरी के बाद वे जंगल में जाकर छिप गई थीं। पुलिस ने थर्मल इमेजिंग कैमरे से लैस ड्रोन की मदद से उनकी तलाश कर उन्हें पकड़ा।

फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है। मामले का आधिकारिक खुलासा होना बाकी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिलाओं की जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में कोई भूमिका तो नहीं है।