आहूजा टीवी सेंटर और साईं इलेक्ट्रॉनिक्स में लाखों का सामान जलने की आशंका, तीसरी मंजिल तक पहुंची आग; त्योहार के चलते बाजार में मची अफरा-तफरी

बिलासपुर। दीपावली की खरीदारी के बीच शनिवार को करबला मेन रोड स्थित दो इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में भीषण आग लग गई। आहूजा टीवी सेंटर और साईं इलेक्ट्रॉनिक्स में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने तत्काल ग्राहकों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची दमकल और पुलिस की टीमों ने मोर्चा संभाला। दमकल की 12 गाड़ियां दोपहर से देर रात तक आग बुझाने में जुटी रहीं, लेकिन तीसरी मंजिल तक पहुंची आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दोनों दुकानों में दीपावली के मद्देनजर इलेक्ट्रॉनिक सामान का नया स्टॉक भरा हुआ था। टीवी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य ज्वलनशील पैकिंग सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। ऊपरी मंजिलों तक लपटें पहुंचने से दमकलकर्मियों को आग बुझाने में अतिरिक्त परेशानी हुई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। पुलिस ने मौके पर घेरा बनाकर लोगों को दूर रखा, ताकि राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए। दोनों दुकानों में बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। हालांकि, फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण का पता आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इसके बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा।

जिले में हर साल 150 से ज्यादा आगजनी की सूचनाएं

बिलासपुर जिले में आगजनी की घटनाएं लगातार चुनौती बनी हुई हैं। फायर ब्रिगेड को हर साल औसतन 150 से अधिक आगजनी की सूचनाएं मिलती हैं। पिछले दो वर्षों में करीब 270 छोटी-बड़ी आगजनी की घटनाएं दर्ज हुई हैं। अग्निशमन विभाग की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, इनमें लगभग 70 प्रतिशत मामलों में शॉर्ट सर्किट, ओवरलोडिंग या खराब वायरिंग आग लगने की प्रमुख वजह रही है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ते बिजली के लोड और दुकानों में अतिरिक्त स्टॉक के बीच सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी भी जोखिम बढ़ाती है।

पिछले दो वर्षों के तीन बड़े अग्निकांड

सरकंडा अटल आवास (अक्टूबर 2026): मीटर बोर्ड और ई-बाइक चार्जिंग प्वाइंट के पास शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। इसकी चपेट में आकर पांच वाहन जल गए। आवासीय परिसर में फंसे लोगों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकालना पड़ा था।

बुधवारी बाजार (जून 2026): साइकिल स्टोर और रेडीमेड कपड़ों की चार दुकानों में आग लग गई थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई थी। आग करीब चार घंटे तक धधकती रही थी।

गजमोहिनी अपार्टमेंट, मंगला (मार्च 2026): अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में आग लग गई थी। सुरक्षा के लिहाज से पूरे अपार्टमेंट के 48 फ्लैट खाली कराने पड़े थे।