बिलासपुर। बिलासपुर से कोलकाता की उड़ान बंद करने का फैसला राज्य शासन के हस्तक्षेप के बाद पलट गया है। विमानन संचालनालय ने एलायंस एयर को पहले की तरह सप्ताह में दो दिन उड़ान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एयरलाइन को ईमेल भेजा गया है। उड़ान दोबारा शुरू करने के लिए अब एलायंस एयर को DGCA और कोलकाता एयरपोर्ट से जरूरी अनुमतियां लेनी होंगी। अगली उड़ान रविवार को प्रस्तावित है और इसके लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है।

बिलासपुर-कोलकाता उड़ान बंद करने का फैसला सामने आने के बाद हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने सक्रियता दिखाई। विंटर शेड्यूल से पहले उड़ान अस्थायी रूप से बंद की गई थी। उस समय एयरलाइन की ओर से विंटर शेड्यूल में सेवा फिर शुरू होने की बात कही गई थी। 25 अक्टूबर को उड़ान दोबारा शुरू भी हुई, लेकिन एक दिन बाद ही इसे फिर बंद कर दिया गया।

इस फैसले के बाद समिति के पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव, नगर विधायक अमर अग्रवाल और विधायक धरमलाल कौशिक से चर्चा की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विमानन अधिकारियों से बात कर कोलकाता की उड़ान जारी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद विमानन संचालनालय ने एलायंस एयर को सप्ताह में दो दिन सेवा चलाने के लिए ईमेल भेजा। उड़ान बंद करने से पहले एयरलाइन ने DGCA और कोलकाता एयरपोर्ट से मिली अनुमतियां वापस कर दी थीं। इसलिए सेवा शुरू करने के लिए दोबारा मंजूरी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

हैदराबाद की उड़ान ज्यादा जरूरी: सुशांत शुक्ला

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बिलासपुर के लिए कोलकाता, दिल्ली और मुंबई से ज्यादा जरूरत हैदराबाद की उड़ान की है। उन्होंने इस संबंध में पहले भी केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखा था। हैदराबाद उड़ान को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। अब इसे शुरू कराने के लिए पहल होनी चाहिए। यात्रियों की जरूरत को देखते हुए नए हवाई मार्ग शुरू करना जरूरी है।

उड़ान बंद होने का कारण जानेंगे: धरमलाल कौशिक

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि कोलकाता की फ्लाइट बंद नहीं होनी चाहिए। पहले यह पता लगाएंगे कि सेवा किस कारण से बंद हुई है। इसे दोबारा शुरू कराने के लिए सिफारिश करेंगे। जो हवाई सेवा शुरू हो चुकी है, उसे जारी रहना चाहिए, ताकि जनता को उसका लाभ मिल सके। इस संबंध में प्रशासन से भी बातचीत करेंगे।

बिलासपुर के साथ साजिश की जांच हो: अटल श्रीवास्तव

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कोलकाता की उड़ान बंद होने को साजिश का हिस्सा बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर छत्तीसगढ़ का दूसरा बड़ा शहर है। यहां SECL, रेलवे जोन और अपोलो जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं, इसके बावजूद हवाई सुविधाओं का विस्तार नहीं हो रहा है। उन्होंने बिलासपुर में फोर-सी लाइसेंस की प्रक्रिया लंबित होने का मुद्दा भी उठाया।

विरोध करेंगे, प्रशासन के सामने रखेंगे बात: दिलीप लहरिया

मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि कोलकाता फ्लाइट बंद करने के फैसले का विरोध किया जाएगा। यह पता लगाया जाना चाहिए कि सेवा क्यों बंद की जा रही है और इसके पीछे किसका निर्णय है। हवाई सुविधा का लाभ जनता को मिलना चाहिए। इस मामले में प्रशासन के सामने भी अपनी बात रखेंगे। जनप्रतिनिधियों को इस मुद्दे पर गंभीरता से आवाज उठानी चाहिए।