बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका स्थित रामकृष्ण कॉलोनी में शुक्रवार को एक निजी कॉलेज के बीए अंतिम वर्ष के छात्र ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार रामकृष्ण कॉलोनी निवासी प्रखर मिश्रा (पिता जितेंद्र मिश्रा) निजी कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। शुक्रवार को उसने किसी अज्ञात कारण से जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन तत्काल उसे सिम्स लेकर पहुंचे।

सिम्स में चिकित्सकों ने छात्र को बचाने के लिए उपचार शुरू किया, लेकिन शरीर में जहर का असर अधिक फैल जाने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले में मर्ग कायम किया। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्र ने जहरीला पदार्थ किन परिस्थितियों में खाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और छात्र के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।