बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में किराना दुकान का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अपचारी बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 67 पैकेट सिगरेट, 300 रुपये नकद और नमकीन के पैकेट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार हेमूनगर तोरवा निवासी रवि शर्मा मसाला और डेली नीड्स की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने १० सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि ८ सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर दुकान से करीब १० हजार रुपये कीमत का नकदी और सामान चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक ४९७/२०२६ के तहत धारा ३३१(४), ३०५(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए। हुलिए के आधार पर पतासाजी करने पर मुख्य आरोपी की पहचान करगीरोड वार्ड क्रमांक २ डाग बंगला कोटा निवासी राहुल करेलिया (२०) के रूप में हुई, जबकि उसके साथ तीन अपचारी बालकों की पहचान की गई।
पुलिस ने संदेहियों को तलब कर पूछताछ की, जिसमें चोरी की घटना का खुलासा हुआ। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ६७ पैकेट सिगरेट, ३०० रुपये नकद और मिच्चर के पैकेट बरामद किए गए। मुख्य आरोपी राहुल करेलिया को गिरफ्तार कर १२ सितंबर को रिमांड पर पेश किया गया, जबकि तीनों अपचारी बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।