बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने खड़ी गाड़ियों में आग लगाने और क्षेत्र में आतंक फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अलग-अलग घटनाओं में एक स्कूटी और मोटरसाइकिल को आग के हवाले किया था। पूछताछ में उसने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच सूर्या चौक चिंगराजपारा स्थित द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान में खड़ी गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 में अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आग से स्कूटी समेत आसपास रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। मामले में सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1288/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इसी तरह 13 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे बंधवापारा निवासी नफीस खान से आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नफीस की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EE 7267 को चोरी कर भंडारी प्लांट रोड के पास ले गया और उसे जला दिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 1320/2026 दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भंडारी प्लांट, बंधवापारा निवासी महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस (29) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मेमोरेंडम कथन में बताया कि 13 सितंबर की रात नफीस खान की मोटरसाइकिल चोरी कर उसे जलाया था। इससे पहले 10 सितंबर को सूर्या चौक चिंगराजपारा में गौरी देवांगन की स्कूटी में बोतल से पेट्रोल डालकर आग लगाई थी।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।