बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कडरी में आम जगह पर धारदार चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले 23 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को सूचना मिली कि ग्राम कडरी के नवाडीह चौक के पास एक युवक धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम रवाना की।

टीम ने मौके पर घेराबंदी कर शाहिद खान उर्फ सोहेल खान, पिता नईम खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी कडरी, थाना रतनपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस आरोपी को चाकू सहित थाने लेकर आई और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अंजली वर्मा, आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की विशेष भूमिका रही।