बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने कथित तौर पर सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6.45 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने पर तीन अज्ञात व्यक्तियों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर डंडे और नुकीली वस्तु के साथ उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी थी। घटना की शिकायत पर तारबाहर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार और डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में तारबाहर पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान की गई और संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई। इसके बाद आरोपी नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक को पहले गिरफ्तार किया गया था।

विवेचना के दौरान नवीन पटेल की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपी ने श्याम कश्यप को जान से मारने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

आरोपी नवीन पटेल, उम्र 38 वर्ष, तेलीपारा मेन रोड स्थित अजीत होटल के पास का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में तारबाहर थाना पुलिस एवं ACCU टीम का सराहनीय योगदान रहा।