भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस ने कराई सफाई, एसएसपी से मिलकर एफआईआर की मांग; महापौर पूजा विधानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना


बिलासपुर। भाजपा महिला मोर्चा और महिला कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस भवन में भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के एक दिन बाद मंगलवार को महिला कांग्रेस ने टैंकर बुलवाकर परिसर की सफाई कराई और गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे भाजपा की राजनीतिक कार्यशैली का जवाब बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय उनके लिए पवित्र स्थान है। वहीं, महापौर पूजा विधानी ने कांग्रेस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे दोहरा चरित्र करार दिया।


दरअसल, एक कांग्रेसी सांसद पर छात्राओं के साथ यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों ने एक दिन पहले कांग्रेस भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया था। इसके विरोध में मंगलवार को महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने कांग्रेस भवन की सफाई कराई और गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद शुद्धिकरण किए जाने की घटना से जोड़ते हुए भाजपा को उसी की भाषा में जवाब देने की बात कही।


कांग्रेस भवन को बताया पवित्र स्थान


महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शिल्पी तिवारी ने कहा कि कांग्रेस भवन उनके लिए पवित्र स्थान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के भीतर प्रदर्शन कर राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन किया है। कांग्रेस नेत्री सीमा पांडेय ने भी कहा कि भाजपा को उसी की भाषा में जवाब दिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।


पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल, एफआईआर की मांग


कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के कांग्रेस भवन में प्रवेश करने पर सवाल उठाए। मंगलवार को महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने एसएसपी से मुलाकात कर मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।


इस दौरान प्रीति पाटनवार, अनिता लव्हात्रे, शैल जायसवाल, सोनू मानिकपुरी, वहीदा खान, फरीदा खान और सुदेश नंदिनी सहित महिला कांग्रेस की अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।


महापौर पूजा विधानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना


इधर, महापौर पूजा विधानी ने कांग्रेस की कार्रवाई पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेसियों को तो राहुल गांधी को गंगाजल से नहलाने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी सवाल उठाए। पूजा विधानी ने कहा कि कांग्रेस के नेता दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक धरना-प्रदर्शन करते हैं और इसे अपना लोकतांत्रिक अधिकार बताते हैं, लेकिन जब भाजपा महिला मोर्चा आंदोलन करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की जाती है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताया।


कांग्रेस भवन में प्रदर्शन के बाद गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण और उसके बाद दोनों पक्षों की ओर से सामने आए बयानों ने शहर की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब इस मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।