बिलासपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ACCU बिलासपुर और मस्तूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जयरामनगर रेलवे फाटक के पास 13 किलो गांजा के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब ₹6.50 लाख बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को थाना मस्तूरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 3 पुरुष और 1 महिला जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे पिट्ठू बैग और झोले में गांजा लेकर खड़े हैं। सभी आरोपी गांजा बेचने के लिए ग्राम मटियारी, थाना सीपत जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही ACCU बिलासपुर और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 13 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से सस्ते दामों में खरीदकर ग्राम मटियारी और सीपत क्षेत्र में महंगे दामों पर बेचने के लिए लेकर आए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मस्तूरी में 20(B), 29 NDPS Act के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश सिसोदिया (21), उसकी पत्नी पूर्वा मालिया (20), कृष्णा पांडेय (23), सभी निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर तथा नीरज नायक (19) निवासी वार्ड क्रमांक 18, झाड़ू मोहल्ला, थाना उमरिया, जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।

यह कार्रवाई DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा DSP ACCU एवं SDOP सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, मस्तूरी थाना प्रभारी निरीक्षक सलीम खाका, उप निरीक्षक सुजान जगत, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, आरक्षक प्रेम सूर्यवंशी, मुकेश शर्मा, रवि यादव, रमेश यादव और धीरेन्द्र तोमर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।