बिलासपुर। तीज और आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक और झोपड़ीनुमा दुकानों में शराब पीने के लिए साधन उपलब्ध कराने वाले 4 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा इन चारों समेत कुल 7 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में लगातार ऐसे स्थानों की निगरानी की जा रही है, जहां सार्वजनिक रूप से शराब पीने या पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अभियान के दौरान आदित्य कुमार पांडेय, राहुल जायसवाल, घनश्याम सोनी और गुड्डू सिंह के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इनके विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

इसके साथ ही पुलिस ने शिवा मरकाम उर्फ सेवक, दीपक यादव उर्फ दाऊ और टेकचंद श्रीवास के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की। इस तरह तीज और गणेश चतुर्थी पर्व के मद्देनजर कुल 7 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, अड्डेबाजी तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।