लैपटॉप, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे बैग में, दस्तावेज में मिले नंबर से यात्री से संपर्क कर बुलाया
बिलासपुर। ट्रेन में सफर के दौरान यात्री का करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का सामान भरा बैग छूट गया। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान आरपीएफ को यह बैग मिला। जवानों ने बैग में रखे दस्तावेजों के आधार पर यात्री से संपर्क किया और सत्यापन के बाद पूरा सामान सुरक्षित लौटा दिया।
घटना 31 अक्टूबर की है। ट्रेन नंबर 12856 इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोच एस-2 में एक काले रंग का बैग छूट गया था। दोपहर करीब 3:50 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी ट्रेन की जांच के दौरान आरपीएफ की ड्यूटी पर तैनात मीना को यह बैग मिला। बैग को आरपीएफ पोस्ट लाकर उसकी जांच की गई। उसमें लैपटॉप, चार्जर, मोबाइल, जरूरी दस्तावेज और खाने का सामान रखा हुआ था। सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी गई।
आरपीएफ ने बैग में मिले दस्तावेजों से मोबाइल नंबर हासिल कर यात्री से संपर्क किया। इसके बाद रात करीब 7 बजे बेंगलुरु निवासी 43 वर्षीय केशव प्रसाद आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। जरूरी दस्तावेजों से पहचान और सामान का सत्यापन करने के बाद उन्हें बैग सहित पूरा सामान सौंप दिया गया। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने आरपीएफ जवानों का आभार जताया।
आरपीएफ थाना प्रभारी नारायण प्रसाद पांडेय ने बताया कि ट्रेन और स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान मिले लावारिस सामान को सुरक्षित रखकर उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।