खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने जांच के लिए भेजे
बिलासपुर। त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर चौक स्थित इंस्टाकार्ट प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में अमूल शालीमार आइसक्रीम के डिब्बों पर फफूंद लगी मिली। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए 68-68 ग्राम के 85 डिब्बों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा व्रत में उपयोग होने वाले कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखी आइसक्रीम का सर्विलांस सैंपल भी लिया गया। वहीं, कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के विधिक नमूने एकत्र किए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।
रेस्टोरेंट और दुकानों का भी किया निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सरकंडा स्थित इंडियन कॉफी हाउस, श्री साईं कैफे, सिम्स चौक स्थित पंजाबी रेस्टोरेंट और सदर बाजार के विभिन्न प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और रसोई की साफ-सफाई की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को किचन में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
त्योहारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग की ओर से निरीक्षण और नमूना जांच की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी मौजूद रहे।