बिलासपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सिम्स अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में पदस्थ स्टाफ के साथ अपशब्दों का प्रयोग कर धमकी-चमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर प्रसारित वीडियो में एक व्यक्ति सिम्स अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में पदस्थ स्टाफ के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धमकी देता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की।
पुलिस ने आरोपी की पहचान प्रियांशु मिश्रा (22), पिता दीपक मिश्रा, निवासी सरजू बगीचा, सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के इस कृत्य से शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के माध्यम से किसी व्यक्ति को धमकाने, भयभीत करने या सार्वजनिक शांति भंग करने वाले कृत्यों को गंभीरता से लिया जा रहा है।