बिलासपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 6 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम अकाउंट Youth Times Digital Media पर दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो सामने आया। वीडियो की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सकरी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने टीम गठित कर वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की। जांच में दोनों की पहचान सुनील पाल उर्फ बुट्टी (20), निवासी बजरंग मोहल्ला वार्ड नंबर 1, सकरी और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू (20), निवासी बंधवापारा, सकरी के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर वायरल वीडियो में चाकू लहराने के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चाकू लहराने की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से दो नग धारदार चाकू बरामद किए गए।

मामले में आरोपियों का कृत्य आर्म्स एक्ट के तहत पाए जाने पर अपराध क्रमांक 822/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।