जिला अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टरों से पहचान और ऊंची पहुंच का हवाला देकर भरोसा जीतने का आरोप, पुलिस से FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। शहर में इलाज की व्यवस्था कराने और अमूल पार्लर का टेंडर दिलाने का झांसा देकर कथित रूप से दो लोगों से करीब 2.11 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। इस मामले में सिटी कोतवाली थाने में शिकायत देकर सत्यम सिंह ठाकुर के खिलाफ FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो वादा पूरा किया और न ही रकम वापस की। शिकायत में एक अन्य महिला का नाम भी सामने आया है।
अमूल पार्लर का टेंडर दिलाने के नाम पर 2.06 लाख लेने का आरोप
पहली शिकायत रिया बत्रा, निवासी कुदुदंड, बिलासपुर की ओर से दी गई है। शिकायत के अनुसार, हिंदूवादी संगठनों में सक्रियता के दौरान उनकी पहचान सत्यम ठाकुर से हुई थी। बातचीत के दौरान रिया ने रोजगार या स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा जताई। आरोप है कि सत्यम ठाकुर ने अपनी पत्नी के जिला अस्पताल में महिला विशेषज्ञ डॉक्टर होने और खुद गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) के कोनी परिसर में कैंटीन चलाने का हवाला देते हुए अमूल पार्लर का टेंडर 3 साल के लिए दिलाने का भरोसा दिया।
शिकायत में कहा गया है कि इस काम के लिए अमूल के अधिकारियों को पैसे देने तथा पार्लर के लाइसेंस और अन्य औपचारिकताओं में खर्च होने की बात कही गई। इस भरोसे पर रिया ने अलग-अलग किश्तों में 76,500 रुपये ऑनलाइन और 1.30 लाख रुपये गवाहों के सामने दिए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुल 2,06,500 रुपये देने के बाद भी अमूल पार्लर नहीं मिला। आरोप है कि बाद में संपर्क करने पर कथित तौर पर हिसाब-किताब करने से भी इनकार कर दिया गया। रिया ने 22 अक्टूबर 2026 को सिविल लाइन थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।
पत्नी के इलाज का भरोसा देकर 5 हजार रुपये लेने का आरोप
दूसरी शिकायत पवन गोयल, संचालक ‘सत्ता से सवाल’ न्यूज पोर्टल ने सिटी कोतवाली थाने में दी है। शिकायत के अनुसार, उनकी पत्नी सुनीता गोयल को 30 सितंबर 2026 को चूहे ने काट लिया था। संक्रमण की आशंका के चलते उन्होंने सत्यम ठाकुर से संपर्क किया। आरोप है कि सत्यम ने अपनी पत्नी के जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ होने का हवाला देते हुए इलाज की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अपनी पत्नी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां सत्यम ठाकुर ने उनकी पत्नी को एक कमरे में ले जाकर इंजेक्शन लगवाया और आगे का इलाज घर आकर करने की बात कही। कई दिन इंतजार करने के बाद भी जब वह नहीं पहुंचा, तो संपर्क करने पर कथित तौर पर 5,000 रुपये की वैक्सीन आने की बात कही गई। पवन गोयल के अनुसार, उन्होंने ऑनलाइन 5,000 रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद संपर्क करने पर मोबाइल बंद मिलने लगा। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि उन्हें बाद में रिया बत्रा से कथित रूप से करीब 2 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी मिली।
दोनों शिकायतों में कार्रवाई की मांग
दोनों शिकायतकर्ताओं ने संबंधित थानों में आवेदन देकर मामले की जांच, FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। एक शिकायत में अमूल पार्लर का टेंडर दिलाने के नाम पर 2,06,500 रुपये तथा दूसरी में इलाज और वैक्सीन की व्यवस्था के नाम पर 5,000 रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। इस तरह शिकायतों में कुल 2,11,500 रुपये की रकम का उल्लेख है।