बिलासपुर। रतनपुर के हेलीपेड के पास धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले आदतन बदमाश को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को रतनपुर थाने में सूचना मिली कि कोरबाभावर रतनपुर निवासी एक युवक हेलीपेड के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम रवाना की।

पुलिस टीम ने हेलीपेड रतनपुर के पास घेराबंदी कर चाकू लहरा रहे नवीन इंदूवा (24), पिता मनीराम, निवासी कोरबाभावर रतनपुर, थाना रतनपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस आरोपी को चाकू सहित थाने लेकर आई और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत और आरक्षक पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।