सीएमडी कॉलेज के पास ठेले पर खाया था चाट-गुपचुप, सुबह से होने लगी उल्टी-दस्त की शिकायत

बिलासपुर। शहर में दुर्गा प्रतिमाएं देखने आए परसदा निवासी एक परिवार के 7 लोग गुपचुप और चाट खाने के बाद बीमार पड़ गए। सोमवार सुबह सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। दोपहर करीब 12 बजे तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सिम्स लेकर पहुंचे, जहां सभी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। बीमारों में बच्चे भी शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, फिलहाल सभी की हालत सामान्य है।

परिजनों के अनुसार, रविवार रात महेश साहू अपने परिवार के साथ बिलासपुर में दुर्गा प्रतिमाएं देखने आए थे। रात करीब 12 बजे उन्होंने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले पर गुपचुप और चाट खाई। इसके बाद सभी अपने गांव परसदा लौट गए। सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों को एक-एक कर उल्टी-दस्त होने लगे। कुछ ही समय में 7 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन सभी को उपचार के लिए सिम्स लेकर पहुंचे।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में संतोषी साहू (27), महेश साहू (32), सोमेश साहू (15), सुमन साहू (18), सुजीता साहू (14), प्रभा साहू (26) और 6 वर्षीय शिवांश साहू शामिल हैं। शिवांश को बाल रोग विभाग में भर्ती किया गया है। सोमवार दोपहर उसकी हालत बिगड़ी थी, लेकिन शाम तक स्थिति सामान्य हो गई।

सभी मरीजों का चल रहा इलाज

सिम्स के अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि सोमवार को परसदा से उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद मरीज अस्पताल पहुंचे थे। सभी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है। डॉक्टरों को मरीजों के उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।