बिलासपुर। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को शहर की गणेश पूजा आयोजन समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक की। पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में आयोजित बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों की समितियों के 100 से अधिक सदस्य शामिल हुए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार, उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण सी. परिहार सहित शहर के थाना प्रभारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने समितियों को आयोजन से पहले जिला प्रशासन से नियमानुसार अनुमति लेने और अनुमति की सभी शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए। समितियों के पदाधिकारियों की सूची संबंधित थानों में जमा कराने को भी कहा गया।

पंडाल में सुरक्षा गार्ड और वालंटियर रखने के निर्देश

पुलिस ने गणेश पंडाल आम रास्ते अथवा अत्यधिक व्यस्त स्थानों पर नहीं बनाने की हिदायत दी। आयोजन स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए समितियों को वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड और वालंटियर तैनात करने कहा गया। किसी भी विवाद या झगड़े की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार धीमी आवाज में करने को कहा गया। पंडाल और उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वस्थ और मर्यादित वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में महिलाओं और बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर समितियों को विशेष संवेदनशीलता बरतने की समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अभद्र, असामाजिक अथवा सामाजिक मर्यादाओं के विपरीत गतिविधि नहीं होनी चाहिए। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा प्रत्येक पंडाल में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की सूची लगाने, संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम, डायल 112 और 108 के नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

साइबर फ्रॉड और यातायात जागरूकता के भी लगाए जाएंगे संदेश

पुलिस ने गणेश पूजा समितियों को पंडालों के आसपास हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात सुरक्षा और साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी होर्डिंग, फ्लेक्स और बैनर लगाने के लिए भी कहा। पुलिस अधिकारियों ने समितियों से अपील की कि धार्मिक आस्था के इस बड़े आयोजन में सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में शहर की अन्य गणेश पूजा समितियों के साथ भी बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।