बिलासपुर। आगामी गणेश उत्सव के दौरान मूर्ति आगमन और विसर्जन को लेकर पुलिस ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की बैठक ली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में करीब 27 गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्ष एवं आयोजक शामिल हुए। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात सुचारू रखने और आपसी भाईचारा व सौहार्द के साथ उत्सव मनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आयोजकों को गणेश उत्सव के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी राजस्व से अनुमति लेने के निर्देश दिए गए। गणेश प्रतिमा स्थल पर पंडाल सड़क पर नहीं लगाने तथा इस बात का ध्यान रखने कहा गया कि यातायात बाधित न हो। पंडाल में विद्युत व्यवस्था सुरक्षित तरीके से करने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस ने धार्मिक गीत और भजन ही बजाने तथा फूहड़ गाने नहीं बजाने की हिदायत दी। साथ ही उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने कहा गया। पंडाल ऐसे स्थान पर बनाने के निर्देश दिए गए, जहां आवश्यकता पड़ने पर अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस आसानी से पहुंच सकें। हथियार लेकर आने वाले तथा नशे की हालत में रहने वाले लोगों को पंडाल में प्रवेश नहीं देने के लिए भी आयोजकों को निर्देशित किया गया।
पुलिस ने सभी समितियों को 24 सितंबर 2026 तक गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने तथा विसर्जन के दौरान एक-दूसरे से समन्वय बनाकर निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमा विसर्जित करने कहा। सुरक्षा की दृष्टि से सभी गणेश पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी सहित सिरगिट्टी थाना प्रभारी, सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट, तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी, तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी देवेश राठौर उपस्थित रहे।