तखतपुर। चुलघट रोड स्थित एक घर से टुल्लू पंप चोरी करने के मामले में तखतपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चुलघट रोड तखतपुर निवासी प्रार्थी ने 4 सितंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उसके घर से करीब 8 हजार रुपए कीमत का टुल्लू पंप चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कॉलेजपारा तखतपुर निवासी बीरू देवार (पिता दिलबहार) को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 8 हजार रुपए कीमत का चोरी गया टुल्लू पंप बरामद कर जब्त किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, सहायक उप निरीक्षक रमेश ओरके तथा वरिष्ठ आरक्षक राजकुमार श्याम, हरिश यादव, नरेश निराला और संतोष पोर्ते का सराहनीय योगदान रहा।