बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच महिला अपने घर के कमरे में सो रही थी। इसी दौरान ग्राम सैदा निवासी रमाकांत सूर्यवंशी उसके कमरे में घुस गया और बुरी नीयत से महिला के शरीर को छूने लगा। महिला की नींद खुलने पर उसने विरोध किया तो आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
महिला की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने रमाकांत सूर्यवंशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सैदा, थाना सकरी, को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।