घटना के बाद से फरार था आरोपी, सीपत पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

बिलासपुर। घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सीपत पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप कुमार सूर्यवंशी (31) ग्राम उच्चभट्ठी का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 27 जून 2026 को सीपत थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि ग्राम उच्चभट्ठी निवासी संदीप कुमार सूर्यवंशी घर के अंदर घुस आया और जबरदस्ती उसका हाथ व बांह पकड़ने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के अपने गांव में होने की सूचना मिली। सीपत पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत की गई।