कोटा पुलिस ने 2 चोरी के मामलों का किया खुलासा

बिलासपुर। घरों और खेतों में लगे केबल तार चोरी करने वाले एक आरोपी को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने करीब 240 मीटर केबल तार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कुछ उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज चोरी के 2 मामलों में कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला ग्राम लिटिया का है। यहां रहने वाले बालाराम मेश्राम ने 14 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने 11 अक्टूबर की रात रामप्रसाद साहू के घर में 40 मीटर केबल तार रखवाया था। 14 अक्टूबर को पता चला कि करीब 6 हजार रुपये कीमत का तार गायब है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसे चोरी कर लिया था।

दूसरी घटना 30 अक्टूबर को ग्राम करगी कला की है। हंसराज साहू अपने खेत में लगी फसल देखने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि एक युवक बोर पंप में लगे करीब 200 मीटर केबल तार को चोरी कर ले जा रहा है। उन्हें देखकर आरोपी मौके से भागने लगा। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर नवा पथरा निवासी रवि सिंह जगत (35) को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार, एक पेचिश और लोहे के हुक लगे 2 चप्पल बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, उपनिरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उपनिरीक्षक शिव साहू और प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव की भूमिका रही।