बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा निवासी एक रिटायर्ड एकाउंटेंट साइबर ठगी का शिकार हो गए। अज्ञात नंबर से वाट्सएप पर भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड करना उन्हें महंगा पड़ गया। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से लगातार रकम कटने लगी। ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 1 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए।
पीड़ित के मुताबिक, 5 सितंबर को उनके वाट्सएप पर अज्ञात नंबर से एक एपीके फाइल भेजी गई थी। उन्होंने जैसे ही उस फाइल को डाउनलोड किया, इसके बाद उनके खाते से पैसे कटने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ समय बाद उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एपीके फाइल डाउनलोड करने से पहले उनके साथ इस तरह की कोई घटना नहीं हुई थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद ही खाते से रकम निकलनी शुरू हुई। साइबर ठगों ने कुल 1.40 लाख रुपए की रकम निकाल ली।
शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने 7 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल में डाउनलोड की गई फाइल, बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन और संबंधित मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने लोगों को अनजान नंबरों से वाट्सएप पर आने वाली एपीके फाइल या अन्य संदिग्ध लिंक डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी है।