
2 क्विंटल 11 किलो कॉपर बरामद, चोरी की रकम से खरीदी थी बाइक
बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने के काम में लगी ब्रिज एंड रूफ कंपनी के साइट ऑफिस से कॉपर केबल वायर चोरी करने वाले 8 आरोपियों को सीपत पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 2 क्विंटल 11 किलो कॉपर केबल वायर, घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी के माल को बेचकर मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी और उसी रकम से मोटरसाइकिल खरीदी थी।
पुलिस के अनुसार, ब्रिज एंड रूफ कंपनी में कार्यरत अरुण कुमार सिन्हा ने 16 अक्टूबर को सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी सीपत टाउनशिप के जलाशय-1बी में 26 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने का काम चल रहा है। इसके लिए साइट ऑफिस में 6 एमएम के कॉपर केबल वायर के 100 ड्रम रखे गए थे। जांच के दौरान 12 ड्रम गायब मिले। अज्ञात व्यक्ति द्वारा केबल चोरी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीपत पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने 6 अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने 5, 8 और 9 अक्टूबर की रात कंपनी के कार्यालय की दीवार फांदकर कॉपर केबल वायर के ड्रम चोरी किए थे।
पुलिस के अनुसार, चोरी के केबल ड्रम को चंद्रहास सूर्यवंशी के ई-रिक्शा में लोड कर प्रगति नगर स्थित खंडहर अस्पताल परिसर में ले जाया गया। वहां केबल जलाकर कॉपर निकाला गया और उसे नवाडीह के कबाड़ी नंद कुमार साहू को बेच दिया गया। आरोपियों ने 2 क्विंटल 11 किलो कॉपर केबल 2,00,106 रुपये में बेचना बताया। इसके बाद रकम आपस में बांट ली गई।
कबाड़ी समेत 8 गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी (40), देवी लाल देवार (40), उमाशंकर सूर्यवंशी (36), चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी (20), चतुर राम खरे (45), अनिल कुमार सूर्यवंशी (22), चंद्रहास सूर्यवंशी (22) और कबाड़ी नंद कुमार साहू (45) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और बस्तियों के निवासी हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 क्विंटल 11 किलो कॉपर केबल वायर, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 CD 7142, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई।