बिलासपुर। एम-परिवहन के नाम पर भेजे गए फर्जी ट्रैफिक चालान के लिंक ने एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) को साइबर ठगी का शिकार बना दिया। ठगों ने APK फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल हैक किया और बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 99 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ग्राम संबलपुरी निवासी सतीश कुमार साहू मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। 20 अक्टूबर को उनके साले नीलेश साहू के मोबाइल पर 2500 रुपये का ट्रैफिक चालान कटने का मैसेज आया। मैसेज में एम-परिवहन के नाम से APK फाइल डाउनलोड करने का लिंक दिया गया था। इसकी जानकारी जुटाने के लिए नीलेश ने वह लिंक सतीश को भेज दिया।


सतीश ने लिंक खोलकर APK फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर लिया। 22 अक्टूबर की सुबह 8:10 से 8:34 बजे के बीच बैंक ऑफ इंडिया के खाते से यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 99 हजार रुपये अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।