बिलासपुर, 20 अगस्त 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटा पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोटा के वार्ड क्रमांक 1 सूदन पारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हीरो मेट नेताम (40), निवासी वार्ड क्रमांक 1, सूदन पारा, कोटा को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, एएसआई गोपाल प्रसाद खांडेकर, आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, नंद कुमार यादव, धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू और शैलेन्द्र साहू की विशेष भूमिका रही।