
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक घंटे के भीतर लूट की दो वारदातों से हड़कंप मच गया। चार अज्ञात बदमाशों ने पहले गोकुलधाम में 75 वर्षीय बुजुर्ग को घेरकर नकदी और मोबाइल लूट लिया। इसके करीब एक घंटे बाद अमेरी में एक युवक को निशाना बनाकर बदमाश नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। दोनों घटनाओं में बदमाशों की संख्या और वारदात का तरीका एक जैसा होने से पुलिस को एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका है।
रात 12:30 बजे बुजुर्ग से लूट
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे गोकुलधाम में राजेश कुमार अग्रवाल (75), पिता बीएल अग्रवाल, को चार अज्ञात युवकों ने घेर लिया। बदमाशों ने उन्हें डराया-धमकाया और उनके पास रखे 9500 रुपए नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
एक घंटे बाद युवक को बनाया निशाना
पहली वारदात के करीब एक घंटे बाद रात 1:30 बजे अमेरी निवासी जगमोहन कोसले (26), पिता दामोदर प्रसाद, बदमाशों के निशाने पर आ गए। चार अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर 5 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
लगातार एक घंटे के अंतराल में हुई दोनों लूट की घटनाओं से पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है। वारदात के समय, स्थान और बदमाशों की संख्या में समानता को देखते हुए एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
सकरी पुलिस ने दोनों घटनाओं में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।