37 दिन बाद शुरू हुई सेवा पर फिर लगा ब्रेक, नियमित संचालन को लेकर असमंजस; पहले भी बंद हो चुकी हैं कई उड़ानें

बिलासपुर। बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सेवा का भविष्य एक बार फिर अनिश्चित हो गया है। 37 दिन बंद रहने के बाद 25 अक्टूबर को दोबारा शुरू हुई कोलकाता फ्लाइट महज एक दिन उड़ान भरने के बाद फिर बंद हो गई। शुक्रवार 30 अक्टूबर को होने वाली अगली उड़ान के लिए 42 टिकटों की बुकिंग हो चुकी थी, इसके बावजूद विमान का संचालन नहीं हुआ। पहली उड़ान में भी 36 यात्रियों ने सफर किया था। ऐसे में यात्रियों की उपलब्धता के बावजूद उड़ान रद्द होने से हवाई सुविधा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कोलकाता के लिए सप्ताह में दो दिन शुक्रवार और रविवार को उड़ान संचालित करने की योजना थी। 25 अक्टूबर को पहली उड़ान हुई, लेकिन 30 अक्टूबर को दूसरी उड़ान नहीं हो सकी। अब छत्तीसगढ़ एविएशन डिपार्टमेंट इस सेवा को हैदराबाद से जोड़ने की बात कह रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कोलकाता के लिए सीधी उड़ान कब और किस व्यवस्था के तहत शुरू होगी।

पहले भी कई बार बंद हो चुकी है सेवा

बिलासपुर-कोलकाता उड़ान के साथ यह पहला प्रयोग नहीं है। 12 अगस्त 2026 को सुबह संचालित होने वाली उड़ान का समय बदलकर दोपहर कर दिया गया था। उस समय सुबह की उड़ान में औसतन 45 से 50 यात्री सफर कर रहे थे। इसके बाद 18 सितंबर को कम यात्री मिलने का हवाला देकर सेवा बंद कर दी गई। यात्रियों को आश्वासन दिया गया था कि विंटर शेड्यूल में उड़ान दोबारा शुरू होगी। 25 अक्टूबर को सेवा बहाल हुई, लेकिन अगली निर्धारित उड़ान ही नहीं हो सकी।

तीन महीने में बंद हो गई भोपाल उड़ान

पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की घोषणा के करीब छह महीने बाद 4 जून 2022 को बिलासपुर-भोपाल उड़ान शुरू हुई थी। नियमित संचालन के बावजूद यात्रियों की कमी का हवाला देकर एलायंस एयर ने सितंबर 2022 में इसे बंद कर दिया।

पांच महीने में इंदौर सेवा पर लगा ब्रेक

बिलासपुर-इंदौर उड़ान 3 अक्टूबर 2022 को शुरू हुई थी। पर्याप्त यात्री नहीं मिलने की बात कहते हुए एलायंस एयर ने 4 मार्च 2023 को इसका संचालन बंद कर दिया।

अंबिकापुर की उड़ान भी तीन महीने से बंद

फ्लाई बिग की 18 सीटर विमान सेवा खराब रोशनी का हवाला देकर पिछले तीन महीने से बंद है। एयरपोर्ट प्रबंधन के पास भी इसके दोबारा शुरू होने की स्पष्ट जानकारी नहीं है।

जगदलपुर और जबलपुर रूट भी बंद

बिलासपुर से जगदलपुर और जबलपुर के लिए संचालित उड़ानें भी कम यात्री मिलने का हवाला देकर बंद कर दी गईं। जबलपुर रूट पर यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बावजूद एलायंस एयर ने सेवा जारी नहीं रखी।

उड़ान बहाली के लिए जनप्रतिनिधियों से संपर्क

बिलासपुर-कोलकाता सीधी उड़ान बंद होने की सूचना पर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने नाराजगी जताई है। समिति ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल व धरमलाल कौशिक से फोन पर चर्चा कर उड़ान बहाल कराने की मांग की है। समिति के सदस्य विधायक धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से भी संपर्क करेंगे।

कम यात्री हों तो 40 सीटर विमान चलाएं

समिति का कहना है कि एलायंस एयर के पास 40 सीटर विमान भी उपलब्ध हैं। यात्रियों की संख्या कम होने पर बड़े विमान के बजाय छोटे विमान का संचालन किया जा सकता है। यात्री बढ़ने पर एक ही रूट पर दो फेरे भी लगाए जा सकते हैं। कम बुकिंग के आधार पर उड़ान बंद करने के बजाय यात्रियों की संख्या के अनुरूप विमान की व्यवस्था होनी चाहिए।

अधिकारियों के अलग-अलग बयान

बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के डायरेक्टर बीरेन सिंह ने कहा कि उन्हें बिलासपुर से कोलकाता उड़ान बंद होने की जानकारी एलायंस एयर से मिली है। इसकी जानकारी उन्हें पहले नहीं थी।

वहीं, छत्तीसगढ़ एविएशन डिपार्टमेंट के डायरेक्टर मुकेश बंसल का कहना है कि कोलकाता उड़ान को हैदराबाद से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक उड़ान बंद नहीं है और इसका संचालन जारी है। हालांकि, 30 अक्टूबर की निर्धारित उड़ान नहीं होने से यात्रियों के बीच असमंजस बना हुआ है।