मंगला के गोपी चौक की घटना, एक नाबालिग भी पकड़ा गया; मोटरसाइकिल और घर का दरवाजा तोड़ने का आरोप

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित गोपी चौक में दुर्गा पंडाल के पास शुरू हुआ विवाद घर तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने घर में घुसकर एक युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट की तथा मोटरसाइकिल और घर के दरवाजे में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने तीन वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, यादव मोहल्ला, गोपी चौक राजाबाड़ा, मंगला निवासी शुभम यादव ने 20 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने छोटे भाई के साथ दुर्गा पंडाल में दर्शन करने गया था। इसी दौरान महेंद्र उर्फ गोलू यादव और उसके भतीजे के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने शुभम और उसके भाई के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की। इसके बाद अन्य साथियों के साथ शुभम के घर में घुसकर उसके और परिजनों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान मोटरसाइकिल और घर के दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। पुलिस ने 26 अक्टूबर को महेंद्र उर्फ गोलू यादव, संकेत यादव, ओंकार यादव और एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र उर्फ गोलू यादव (34), संकेत यादव (37) और ओंकार यादव (33) के रूप में हुई है। तीनों गोपी चौक, मंगला क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी की।