47 से 76 साल पुरानी परंपराओं के साथ 9 प्रमुख स्थानों पर होगा रावण दहन, 40 से 71 फीट तक के पुतले होंगे आकर्षण
बिलासपुर। विजयादशमी पर मंगलवार को शहर में दशहरा उत्सव की धूम रहेगी। शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर 40 से 71 फीट तक के रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। कई स्थानों पर राम-रावण युद्ध, श्रीराम दरबार की झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक आतिशबाजी होगी। शहर में सबसे पुरानी परंपराओं में शामिल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एनईआई मैदान में इस बार 76वां दशहरा उत्सव आयोजित किया जा रहा है। वहीं शनिचरी बाजार और नूतन चौक सरकंडा सहित अन्य स्थानों पर भी दशहरा उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एनईआई मैदान में 76वां दशहरा उत्सव, 65 फीट के रावण का होगा दहन
रेलवे एनईआई मैदान | शाम 6 बजे | 65 फीट
रेलवे के एनईआई मैदान में हिंदुस्तानी सेवा समाज की ओर से 76वें दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यहां रामलीला मंचन और राम-रावण युद्ध के बाद रावण दहन होगा। इसके बाद करीब एक घंटे तक आतिशबाजी की जाएगी। आयोजन में विधायक अमर अग्रवाल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, महापौर पूजा विधानी, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, छत्तीसगढ़ लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया और शांभवी फाउंडेशन के संचालक मुकेश अग्रवाल अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दशकों से चली आ रही इस परंपरा को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
पुलिस मैदान में श्रीराम परिवार की झांकी के बाद दहन
पुलिस मैदान | शाम 7 बजे | 60 फीट
पुलिस मैदान में रावण दहन से पहले श्रीराम परिवार की आकर्षक झांकी निकाली जाएगी। इसके बाद रिमोट से रावण के पुतले का दहन होगा। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी अतिथि के रूप में शामिल होंगी। रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और करीब एक घंटे तक आतिशबाजी की जाएगी।
शनिचरी बाजार में 47वें वर्ष का आयोजन
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान | शाम 6 बजे | 60 फीट
शनिचरी बाजार स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में दशहरा उत्सव 47वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस बार रावण के पुतले की जीवंत आंखें और हीरे के लॉकेट वाली बड़ी सोने की चेन आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शाम 6 बजे राम-रावण युद्ध के बाद रावण दहन और आतिशबाजी होगी। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, सभापति विनोद सोनी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के संभागीय अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, अनिल खंडेलवाल, कमल सोनी, डॉ. रजनीश पांडे और अवध जाजोदिया शामिल होंगे।
नूतन चौक में शहर का सबसे ऊंचा 71 फीट का रावण
नूतन चौक, सरकंडा | रात 8 बजे | 71 फीट
सरकंडा के नूतन चौक में युवा दशहरा उत्सव समिति 51वें वर्ष में दशहरा उत्सव मनाएगी। यहां शहर का सबसे ऊंचा 71 फीट का रावण दहन किया जाएगा। रिमोट से पुतले का दहन होगा। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, गुलशन ऋषि, प्रवीण दुबे, विजय ताम्रकार और श्याम साहू विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
पुराना बस स्टैंड पर राम-रावण युद्ध और आतिशबाजी
हनुमान मंदिर चौक मैदान | शाम 7.30 बजे | 65 फीट
पुराना बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर चौक मैदान में दशहरा उत्सव समिति की ओर से 51वें वर्ष का आयोजन किया जाएगा। यहां श्रीराम दरबार की झांकी, राम-रावण युद्ध और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे। विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन की तैयारी करीब 7 सप्ताह पहले ही शुरू कर दी गई थी।
साइंस कॉलेज मैदान में रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ का भी दहन
साइंस कॉलेज मैदान | रात 8 बजे | 60 फीट
साइंस कॉलेज मैदान में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू रावण दहन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद करीब एक घंटे तक आतिशबाजी होगी। यहां रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा।
चांटीडीह में 40 फीट के रावण का होगा दहन
चांटीडीह मेला स्थल | शाम 7 बजे | 40 फीट
चांटीडीह मेला स्थल पर दशहरा उत्सव समिति 27वें वर्ष का आयोजन करेगी। यहां 40 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी, सभापति विनोद सोनी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि और सर्व सोनी समाज के अध्यक्ष जवाहर सराफ अतिथि होंगे। समिति के कार्यकारिणी अध्यक्ष शंभू सोनी हैं।
बाजारों में बिके छोटे-बड़े रावण के पुतले
दशहरे को लेकर शहर के गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, शनिचरी बाजार, बृहस्पति बाजार और बुधवारी बाजार में भी रौनक रही। इन बाजारों में 150 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक के छोटे-बड़े रावण के पुतले बिके। सोमवार को ही शहर के प्रमुख आयोजन स्थलों पर बड़े पुतले खड़े कर दिए गए थे। मंगलवार शाम को रावण दहन के कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न मैदानों में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है।
इस बार 20 अक्टूबर को ही क्यों मनाया जा रहा दशहरा?
हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन शुक्ल दशमी तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 12.50 बजे शुरू होकर 21 अक्टूबर को दोपहर 2.11 बजे तक रहेगी। हालांकि उदया तिथि के अनुसार दशमी 21 अक्टूबर को है, लेकिन विजयादशमी के लिए अपराह्न काल में दशमी तिथि और श्रवण नक्षत्र के संयोग को भी महत्व दिया जाता है। यह संयोग 20 अक्टूबर को बन रहा है। श्रवण नक्षत्र 19 अक्टूबर को दोपहर 3.39 बजे शुरू होकर 20 अक्टूबर को शाम 6.02 बजे तक रहेगा। इसी आधार पर विजयादशमी और दशहरा पूजा 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी।
इस दिन पूरे समय रवि योग रहेगा। विजय मुहूर्त दोपहर 1.59 बजे से 2.45 बजे तक है, जबकि राहुकाल दोपहर 2.56 बजे से शाम 4.21 बजे तक रहेगा।