11 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित, बिल्हा भी लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित

बिलासपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिलासपुर और बिल्हा को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार के लिए चुना गया है। 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों शहरों को सम्मानित करेंगी। लगातार दूसरी बार सम्मान मिलने से जहां नगर निगम में उत्साह है, वहीं बिलासपुर की नजर अब राष्ट्रीय रैंकिंग में पहला स्थान हासिल करने पर टिकी है।

पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिलासपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया था। इस बार शहर को नंबर-1 बनाने की तैयारी की गई है। इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों की मेहनत, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयास और नागरिकों की भागीदारी को प्रमुख आधार माना जा रहा है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने सम्मान समारोह में शामिल होने वाले प्रतिनिधिमंडल में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, अभियंताओं और मिशन से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

इस बार जनता की राय का महत्व दोगुना

इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण का पैटर्न पहले की तुलना में बदला गया है। अब केवल सड़कों की सफाई और घर-घर कचरा संग्रहण ही रैंकिंग का आधार नहीं है, बल्कि नागरिकों की राय, शिकायतों का निराकरण और मौके पर सफाई की वास्तविक स्थिति भी महत्वपूर्ण हो गई है। पब्लिक फीडबैक के अंक दोगुने किए गए हैं। इस बार सर्वेक्षण कुल 12,500 अंकों का था।

सर्वेक्षण में जमीनी सफाई का फील्ड असेसमेंट, पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का मौके पर मिलान, गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण एवं निपटान, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और शिकायतों का समय पर निराकरण जैसे बिंदुओं पर जोर दिया गया। ऐसे में इस बार शहर की रैंकिंग तय करने में नागरिकों की राय की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।

जनभागीदारी से ही कायम रहेगी उपलब्धि

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने तीन शहरों को राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुने जाने को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सफाई मित्रों की मेहनत, निकाय कर्मचारियों के प्रयास और नागरिकों की भागीदारी का परिणाम है। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शहर स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और विकास के साथ स्वच्छता के नए आयाम स्थापित करेगा।

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन को क्षेत्र के लिए गौरव बताया। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। महापौर पूजा विधानी ने भी इस उपलब्धि को सफाई मित्रों, निगम कर्मचारियों और शहरवासियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया।

सम्मान के साथ बढ़ी जिम्मेदारी

नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के अनुसार, लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। इस उपलब्धि को बनाए रखना अब बड़ी जिम्मेदारी है। निगम के सामने चुनौती केवल पुरस्कार हासिल करने की नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की भी है।