24 लाख रुपए के सरकारी आयोजन के विरोध में लोकमंच भी करेगा रावण दहन, आयोजन के सरकारीकरण पर उठाए सवाल
बिलासपुर। विजयादशमी पर साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर निगम द्वारा 24 लाख रुपए खर्च कर कराए जा रहे सरकारी आयोजन के विरोध में अरपांचल लोकमंच ने भी इसी मैदान में रावण दहन करने की घोषणा की है। ऐसे में मंगलवार को एक ही मैदान में दो आयोजनों को लेकर टकराव की स्थिति बन सकती है।
अरपांचल लोकमंच के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा का कहना है कि उनकी समिति पिछले 5 वर्षों से बिना सरकारी सहायता और चंदा लिए अपने खर्च पर विजयादशमी उत्सव आयोजित करती रही है। अब नगर निगम द्वारा आयोजन कराए जाने से वर्षों पुरानी परंपरा का सरकारीकरण किया जा रहा है। मंच ने सरकारी आयोजन पर 24 लाख रुपए खर्च करने की जरूरत और इस राशि के उपयोग पर भी सवाल उठाए हैं।
सिद्धांशु मिश्रा के मुताबिक, पिछले वर्ष समिति ने आयोजन के लिए समय से पहले आवेदन दिया था, लेकिन उसे अनुमति नहीं मिली। इसके विरोध में संगठन ने कलेक्टोरेट का घेराव किया था और विजयादशमी के दिन साइंस कॉलेज मैदान के गेट पर रावण दहन कर विरोध जताया था। इस बार भी मंच ने अपनी परंपरा जारी रखने का फैसला किया है।
नगर निगम की ओर से साइंस कॉलेज मैदान में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में रावण दहन का कार्यक्रम निर्धारित है। वहीं, अरपांचल लोकमंच ने भी इसी स्थान पर आयोजन करने की घोषणा की है। इससे दशहरा उत्सव के दौरान विवाद की आशंका बढ़ गई है।