
बिलासपुर। तहसील कार्यालय में पिछले दो माह से कोर्ट टिकट की कमी के कारण परेशान हो रहे आवेदकों को अब राहत मिली है। जिला स्टांप शाखा में कोर्ट टिकट की नई खेप पहुंचने के बाद तहसील कार्यालय की नकल शाखा को भी 18 हजार रुपए की टिकटें उपलब्ध करा दी गई हैं। टिकट नहीं होने के कारण आवेदकों को बिना आवेदन जमा किए ही लौटना पड़ रहा था।
दरअसल, बिलासपुर तहसील कार्यालय में पिछले दो माह से कोर्ट टिकट उपलब्ध नहीं थी। इसकी वजह जिला स्टांप शाखा में ही टिकटों का खत्म होना था। जिला स्टांप शाखा को स्टांप और कोर्ट टिकट की आपूर्ति रायपुर से होती है, जबकि रायपुर स्थित कार्यालय इन्हें नासिक के नोडल कार्यालय से मंगाता है। आपूर्ति बाधित होने के कारण लंबे समय तक कोर्ट टिकट उपलब्ध नहीं हो सकी।
न्यायालयीन कार्यों से जुड़े विभिन्न आवेदनों के लिए कोर्ट टिकट की जरूरत पड़ती है। इसके अभाव में आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब जिला स्टांप शाखा में पर्याप्त संख्या में टिकट पहुंचने के बाद तहसील कार्यालय की नकल शाखा को भी इनकी आपूर्ति कर दी गई है। इससे पिछले दो माह से परेशान हो रहे आवेदकों को राहत मिली है।