बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 55 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331, 351(3) और 64(1) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बोड़सरा निवासी बोध सागर कोशले ने 4 अक्टूबर 2026 को चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव का ही माखन लाल धृतलहरे (55) उनके घर में घुसा और उनकी दिव्यांग बेटी को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता की दूसरी बहन ने आरोपी को देख लिया, जिसके बाद वह घर के पिछले दरवाजे से भाग निकला।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने टीम गठित कर पतासाजी की और फरार होने की फिराक में घूम रहे आरोपी माखन लाल धृतलहरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाने या डायल 112 पर दें।