
बिलासपुर। दिवाली का त्योहार मनाने परिवार के साथ गृहग्राम गया एक व्यक्ति जब वापस लौटा तो उसके घर का सामान बिखरा मिला। अज्ञात चोर अलमारी और लॉकर तोड़कर जेवर व नकदी लेकर फरार हो गया था। मामले में मोपका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी मोहित ध्रुव उर्फ भूत (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रामकृष्ण नगर मोपका निवासी हरिशंकर कश्यप 7 नवंबर को परिवार के साथ दिवाली मनाने अपने गृहग्राम झाझपुरी, लोरमी गए थे। अगले दिन 8 नवंबर को पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। वापस पहुंचने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और अलमारी व लॉकर टूटे हुए थे। जांच करने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी और नकदी सहित कुल 22 हजार रुपये का सामान गायब मिला। इसकी रिपोर्ट पर चौकी मोपका में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने चोर की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भाटापारा निवासी मोहित ध्रुव उर्फ भूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की शेष 15 हजार रुपये की रकम उसने खाने-पीने और दिवाली में पटाखे फोड़ने पर खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में चौकी मोपका के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।