
कवर्धा। ग्राम जैतपुरी में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। धान के खेतों के बीच तेंदुआ नजर आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ इससे पहले भी गांव के आसपास कई बार दिखाई दे चुका है और करीब चार से पांच बकरियों का शिकार कर चुका है।
जैतपुरी गांव भोरमदेव अभयारण्य से लगा हुआ है। तेंदुए के खेतों में घूमने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग ने उसे बेहोश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए रायपुर स्थित जंगल सफारी से ट्रेंकूलाइजेशन गन मंगाई जा रही है। विभाग के मुताबिक गन को मौके तक पहुंचने में करीब दो से तीन घंटे का समय लग सकता है। वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल सहित वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है।
तेंदुए की खबर आसपास के क्षेत्रों में फैलते ही खेतों के पास लोगों की भीड़ जुट गई। सैकड़ों ग्रामीण तेंदुए को देखने के लिए मौके पर पहुंचे, जिससे वन विभाग के सामने भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती बनी हुई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से तेंदुए के करीब नहीं जाने और खेतों व जंगल क्षेत्र में अकेले न जाने की अपील की है। विभाग ने लोगों से भीड़ नहीं लगाने को कहा है, ताकि तेंदुआ घबराकर किसी पर हमला न करे। फिलहाल टीम तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।