बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव में देवर-भाभी के आपसी विवाद में दो साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान बच्ची के चाचा नितिन कुमार लोनिया ने गुस्से में अपनी दो वर्षीय भतीजी परमेश्वरी को जलती लकड़ियों वाले चूल्हे में बिठा दिया। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घुटकू निवासी नितिन कुमार लोनिया का अपनी भाभी अंकिता से प्रेम संबंध था। अंकिता अपने पति सुधीर और दो वर्षीय बेटी परमेश्वरी के साथ रहती थी। 26 अगस्त को अंकिता अपनी बेटी को लेकर नितिन के साथ घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी दोनों और बच्ची का पता नहीं चलने पर बच्ची के नाना ने कोनी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को उनके संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद 7 सितंबर को नितिन, अंकिता और बच्ची घुटकू लौट आए।

मंगलवार को नितिन का अपने बड़े भाई सुधीर के साथ विवाद हो गया। कुछ देर बाद विवाद में अंकिता भी शामिल हो गई। झगड़े और मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि नितिन ने अपनी दो वर्षीय भतीजी को जलते चूल्हे में बिठा दिया था। आग से बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई थी।

पुलिस ने बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पहले गुमशुदगी से शुरू हुआ मामला अब हत्या के प्रकरण में बदल गया। पुलिस ने आरोपी नितिन कुमार लोनिया को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।